CG : सोते-सोते पति-पत्नी और तीन साल की बेटी की मौत, पढ़िए पूर... - CG Sandesh

CG : सोते-सोते पति-पत्नी और तीन साल की बेटी की मौत, पढ़िए पूरी खबर

सूरजपुर। जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कोयले की सिगड़ी से निकले जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। इस दुखद घटना में पति-पत्नी और उनकी तीन साल की मासूम बेटी की मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दम घुटने से मौत की आशंका

मिली जानकारी के मुताबिक, चंद्रपुर गांव निवासी कवल अपनी पत्नी कुन्ती और तीन वर्षीय बेटी ममता के साथ प्रधानमंत्री आवास के एक कमरे में सो रहे थे। घर के अन्य सदस्य दो बच्चों के साथ दूसरे कमरे में थे। ठंड से बचने के लिए दंपति ने बंद कमरे में सिगड़ी में कोयला जलाया था।

सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो तीनों अचेत अवस्था में मिले। तत्काल मदद की कोशिश की गई, लेकिन तब तक कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने के कारण उनकी मौत हो चुकी थी।

 




घर में नहीं थी हवा निकासी की व्यवस्था

बताया जा रहा है कि जिस कमरे में वे सो रहे थे, वहां न तो खिड़की थी और न ही रोशनदान। वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं होने से जहरीली गैस बाहर नहीं निकल पाई। कोयला जलने से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड बेहद खतरनाक होती है, जिसकी जानकारी के अभाव में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें