CG : किसान से ढाई लाख की लूट का खुलासा, फर्जी आधार कार्ड दिख... - CG Sandesh

CG : किसान से ढाई लाख की लूट का खुलासा, फर्जी आधार कार्ड दिखाकर होटल में रुकते थे आरोपी

पुलिस ने खंगाली 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज 

जांजगीर - चाम्पा के शिवरीनारायण क्षेत्र के राहौद में किसान से ढाई लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार के दो आरोपियों को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जांजगीर-चाम्पा, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर और सारंगढ़ जिलों में लूट और उठाईगिरी की कुल सात वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में करीब 9 लाख 83 हजार रुपये की लूट की गई थी। 

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 हजार 500 रुपये नकद, दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और चार फर्जी आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बिहार से मोटरसाइकिल चोरी कर उसमें छत्तीसगढ़ का नंबर प्लेट लगाया था। होटल और लॉज में ठहरने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाए गए थे। पिछले कई महीनों से क्षेत्र में इनकी गतिविधियों से लोग परेशान थे और पुलिस को इनकी तलाश थी। फिलहाल दो अन्य आरोपी लूट की रकम लेकर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें