news-details

महासमुंद : छत्तीसगढ़ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को

 छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026, रविवार को जिले के निर्धारित 10 परीक्षा केंद्रों में दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 2585 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आज अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने नोडल अधिकारी एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा समयपालन, सुरक्षा, जांच प्रक्रिया एवं अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र की सावधानीपूर्वक जांच करनी होगी। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल परीक्षा नियंत्रक कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में आवश्यक विवरण सहित सूचना देना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो अथवा हस्ताक्षर अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित फोटो लगाकर परीक्षा केंद्र में प्रस्तुत करना होगा।अभ्यर्थियों को केवल निर्धारित सामग्री जैसे बिना लेबल की पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र की प्रति, वैध फोटो पहचान पत्र, आवश्यक होने पर दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा नीले या काले रंग का बॉल पेन ही साथ रखने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्ट वॉच, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोटे सोल के जूते, ऊँची हील या प्रतिबंधित वस्तुएं लाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। 

परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर एवं मैन्युअल फ्रिस्किंग के माध्यम से जांच की जाएगी। दोनों पालियों में सभी परीक्षार्थियों का सत्यापन अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। समय से पूर्व केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ड्रेस कोड के अंतर्गत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे। गहरे रंग, डिजाइनर कपड़े एवं अनावश्यक आभूषण वर्जित रहेंगे। महिला अभ्यर्थियों के लिए भी निर्धारित दिशा-निर्देश लागू होंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों को चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार विशेष अनुमति के अंतर्गत उपकरण उपयोग की छूट दी जाएगी। अनुशासनहीनता, अनुचित साधनों का प्रयोग, नकल, अभद्र व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में अभ्यर्थी को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


अन्य सम्बंधित खबरें