छत्तीसगढ़ में कुल इतने हैं मतदाता... SIR के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी
प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके अनुसार प्रदेश में एक करोड़ सतयासी लाख तीस हजार नौ सौ चौदह मतदाता पंजीकृत हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद प्रदेश में पिछले साल सत्ताईस अक्टूबर से एसआईआर का कार्य शुरू हुआ था। यह प्रक्रिया करीब चार महीने तक चली। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रारूप सूची से पहले प्रदेश में मतदाताओं की संख्या दो करोड़ बारह लाख तीस हजार सात सौ सैंतीस थी।
इस तरह से एसआईआर की प्रक्रिया के बाद प्रदेश में चौबीस लाख निन्यानवे हजार आठ सौ तेईस मतदाता कम हो गए हैं। मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या एक करोड़ चौरासी लाख पंचानवे हजार नौ सौ बीस थी। इसके बाद प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण चौदह फरवरी तक किया गया। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में प्रारूप सूची के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में दो लाख चौंतीस हजार नौ सौ चौरानवे की वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं से प्राप्त उनकी नवीनतम फोटोग्राम भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक 13 लाख 93 हजार 967 मतदाता रायपुर में है। वहीं, सबसे कम मतदाता सुकमा जिले में 1 लाख 54 हजार 539 हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान 27 हजार से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं के मिलान तथा मैपिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक किया।
एसआईआर प्रक्रिया में 48 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंटों और स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही वोटर पोर्टल पर किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वे अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-छह भरकर उसके साथ घोषणा पत्र और जरूरी सहायक दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन कर सकते हैं। वहीं, यदि इस सूची में उपलब्ध जानकारी में कोई गलती है तो मतदाता फॉर्म-8 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।