news-details

CG : मृत्युभोज व कलेवा प्रथा बंद करने का लिया गया निर्णय, डीजे पर भी प्रतिबंध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें दो दिवसीय महाअधिवेशन में शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही समाज की विभूतियों एवं महान व्यक्तित्वों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा बलौदाबाजार में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। 

अधिवेशन को संबोधित करते हुए समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम वर्मा ने समाज द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज ने मृत्युभोज एवं कलेवा प्रथा को पूर्णतः बंद करने, विधवा विवाह को पुनः लागू करने, समारोहों में डीजे पर प्रतिबंध लगाने तथा प्री-वेडिंग कार्यक्रमों को समाप्त करने जैसे सामाजिक सुधार के फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज छत्रपति शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. खूबचंद बघेल के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक समरसता और प्रगतिशील सोच को आगे बढ़ा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर अब जागरूकता बढ़ी है। पहले कई मामले दर्ज नहीं हो पाते थे, लेकिन अब पीड़ित महिलाएं आगे आकर शिकायत दर्ज करा रही हैं। सामाजिक स्तर पर भी निराकरण हो रहा है और आयोग के समक्ष प्रस्तुत मामलों में न्याय सुनिश्चित किया जा रहा है।


अन्य सम्बंधित खबरें