नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर जदयू कार्यकर्ताओं का हंगामा, जताया विरोध
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर चल रही जेडीयू नेताओं की बैठक समाप्त हो गई है। बैठक के बाद बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा कि वे हमारे सर्वमान्य नेता हैं और जो निर्णय मुख्यमंत्री लेते हैं, वही अंतिम होता है। आगे जो कुछ भी होगा, वह उनकी इच्छा और निर्देश के अनुसार होगा। हम लोग उनकी अगुवाई में कार्य करते हैं। वर्तमान में चल रही चर्चा का निर्णय भी मुख्यमंत्री पर निर्भर है।
विजय कुमार चौधरी ने निशांत कुमार की जेडीयू में शामिल होने को लेकर कहा कि यह चर्चा पार्टी में ज़ोरों पर है। सभी कार्यकर्ता और नेता चाहते हैं कि निशांत राजनीति में सक्रिय हों। वे युवा, पढ़े-लिखे और नेतृत्व क्षमता वाले हैं। इसलिए संगठन की ओर से इच्छा है कि वे जल्द से जल्द सक्रिय रूप से जुड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निशांत अभी किसी अन्य दल में शामिल नहीं हैं, इसलिए जेडीयू में उनकी औपचारिक एंट्री केवल एक तकनीकी प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी हुआ है और आगे जो भी होगा, वह पूरी तरह से हमारे नेता के निर्णय और निर्देश पर निर्भर करेगा।