CG : बाइक से महिला को छोड़ने पंहुचा था गांव, अवैध संबंध के शक में आरोपियों ने कर दी ठेकेदार की हत्या, 8 गिरफ्तार
खैरागढ़। खैरागढ़ पुलिस ने ग्राम गाड़ाडीह में हुई बिल्डिंग ठेकेदार तुलाराम पटेल की हत्या की गुत्थी को महज 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। केसीजी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि किल्लापारा निवासी बिल्डिंग ठेकेदार तुलाराम पटेल, उम्र 45 वर्ष के पास ग्राम गाड़ाडीह की एक महिला रेजा मजदूर के रूप में कार्य करती थी। 8 मार्च की शाम जब तुलाराम उसे मोटरसाइकिल से छोड़ने गांव पहुंचे, तो वहां मौजूद आरोपियों ने अवैध संबंध के शक में उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने "गांव बिगाड़ रहे हो" की बात को लेकर उन पर हमला कर दिया। लात-घूंसों की मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
खैरागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कीर्तन यादव, समय यादव, आशीष यादव, रूपलाल वर्मा, पल्टन और पवन वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जिले में 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।