कीवी को गेंद मारने पर तेज गेंदबाज अर्शदीप की मिली सजा, ICC ने लगाया तगड़ा जुर्माना
नई दिल्ली। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर आईसीसी का हंटर चला है। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में कीवी बैटर डैरिल मिचेल की ओर आक्रामक अंदाज में गेंद फेंकी थी, जिसके बाद मैदान पर कुछ पल के लिए माहौल गरमा गया था।
अब अर्शदीप सिंह को उस हरकत की वजह से आईसीसी ने उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। बता दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया।
अर्शदीप पर ICC ने ठोका जुर्माना
दरअसल, अर्शदीप सिंह को आईसीसी के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 को तोड़ने का दोषी पाया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी या उसके पास और या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट का कोई और सामन) फेंकने से जुड़ा है। जुर्माना के अलावा अर्शदीप के अनुशासनात्म रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया। ऐसा इसलिए क्योंकि ये पिछले 24 महीनों में उनका पहला अपराध रहा।
फाइनल मैच में घटी थी घटना
ये घटना टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर की रही, जब अर्शदीप सिंह अपना दूसरा ओवर डालने आए थे। इसी ओवर में डैरिल मिचेल ने अर्शदीप की गेंद पर दो छक्के मारे और उन्होंने एक शॉट सामने की ओर खेला। अर्शदीप ने गेंद उठाकर आक्रामक अंदाज में उनकी ओर फेंकी। ये विकेट से काफी दूर थी और मिचेल के कंधे पर जा लगी, जिसके बाद मैदान पर कुछ पल के लिए माहौल गरमा गया।
डैरिल मिचेल काफी गुस्सा हो गए थे और उन्होंने तुरंत अंपायर से उनकी शिकायत की। दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस बढ़ती देख अंपायर और सूर्यकुमार यादव को मामला शांत करवना पड़ा। ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह से मिचेल से माफी भी मांग ली थी। मैच खत्म होने के बाद भी अर्शदीप ने माफी मांगी और आईसीसी ने इसका वीडियो भी शेयर किया।
देखा जाए तो ऐसे मामले लेवल-1 के दायरे में आते हैं। उनके खाते में दो डिमेरिट अंक हो गए हैं। अगर ये 24 महीनों में 4 डिमेरिट अंक हो जाते हैं तो उस पर एक टेस्ट मैच या दो व्हाइट बॉल मैचों का बैन लगता है।