news-details

प्रधानमंत्री मोदी आज जारी करेंगे पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त

13 मार्च प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त आज शुक्रवार को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम में गुवाहाटी से यह राशि जारी करेंगे। देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 640 करोड़ रूपये से अधिक की सम्मान राशि सीधे हस्तान्तरित की जायेगी। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल गुरूवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि योजना के तहत किसानों को अब तक 4 लाख 9 हजार करोड़ से ज्यादा की सम्मान राशि डीबीटी की जा चुकी है।

इधर, प्रदेश में पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम जयपुर में रखा गया है। यह कार्यक्रम दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में होगा। सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि इसमें राज्य के 66 लाख 76 हजार से अधिक किसानों को 1 हजार 335 करोड़ रूपये से अधिक की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। प्रति किसान 2 हजार रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस अवसर पर राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। साथ ही, राज्य के सभी जिलों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गौरतलब है कि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। अब तक योजना के अंतर्गत 21 किस्तों के माध्यम से 4.09 लाख करोड़ की राशि हस्तान्तरित की जा चुकी है।


अन्य सम्बंधित खबरें