सरकारी हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की मौत, CM ने न्यायिक जांच के दिए आदेश
डेस्क। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में आज तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह हृदयविदारक घटना अस्पताल के एक वार्ड में हुई, जिसमें प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर ने दी है।
जानकारी के अनुसार देर रात जब अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, उसी समय अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद स्थिति कुछ ही देर में बेकाबू हो गई और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
आग बुझाने का प्रयास जारी
आग लगते ही अस्पताल के कर्मचारी और अग्निशमन दल तुरंत सक्रिय हो गए। सबसे पहले अस्पताल की अपनी फायर यूनिट ने आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में बाहर से तीन दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं।
धुआं और आग के कारण कई मरीजों को भारी नुकसान हुआ। आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
मृतकों का परिचय
रमेश चंद्र परिडा
दासरू मुंडा,
एमडी नयूम,
गौरांग चंद्र बारिक,
सेख अब्दुल सतर,
मधुसूदन दलाई
कृष्ण चंद्र बिस्वाल,
रविंद्र दास,
चेरू परिडा,
मेनका राउत
आग किस कारण लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासनिक लापरवाही या शॉर्ट सर्किट, आग लगने का कारण क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
यदि मेडिकल कॉलेज की लापरवाही से मरीजों की जान गई है, तो जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्य के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज में बार-बार आग लगने की घटनाओं को लेकर बुद्धिजीवी वर्ग में नाराजगी देखी जा रही है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
स्थानांतरण के दौरान 10 मरीजों की मौत होने की पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज सुबह कटक में S.C.B. मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का दौरा किया और हॉस्पिटल के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। यहां ट्रॉमा केयर ICU में आग लग गई।
ट्रामा केयर सेंटर में 23 मरीज भर्ती थे। इसमें से 10 मरीजों की मौत हो चुकी है यह पुष्टि खुद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एससीबी मेडिकल पहुंचकर की है। एससीबी में भर्ती अन्य मरीजों को स्थानांतरित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं इसके साथ ही कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।