news-details

EV कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत, फटे कई सिलेंडर

मध्य प्रदेश के इंदौर के प्रीति नगर में ईवी कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट के बाद लगी आग ने आठ लोगों की जान ले ली। शार्ट सर्किट के बाद आग पूरे घर में तेजी से फैल गई और घर में रखे एलपीजी सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए। एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे आग और भड़क उठी।

घर के अंदर मौजूद लोग जब तक बाहर निकलने की कोशिश करते, तब तक लपटों के बीच घिर चुके थे। आग इतनी तेजी से फैली कि 8 लोग जिंदा जल गए और तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

पड़ोसियों के बचाने की कोशिश नाकाम
मकान मालिक मनोज पुगलिया के घर आग लगते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ लोगों ने बाल्टियों में पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की। इसी दौरान घर के अंदर गैस सिलिंडरों में धमाके होने लगे, जिससे पड़ोसी डर गए और पीछे हट गए। कुछ लोग मनोज पुगलिया और उनके परिवार वालों को आवाज लगाते रहे, लेकिन तब तक आग ने अंदर फंसे आठ लोगों की जान ले ली थी।

 

घर आए हुए थे मेहमान
मनोज पुगलिया के घर कुछ मेहमान भी ठहरे हुए थे। वे यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर आए थे। मेहमान भी आग की चपेट में आ गए। एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घायलों सहित 7 शवों को बाहर निकाला। बाद में एक बच्चे का शव भी बरामद हुआ, जो इतना बुरी तरह जल चुका था कि उसे पोटली में बांधकर बाहर लाया गया।

इस हादसे के बाद प्रीति नगर के पड़ोसी सहमे हुए हैं। पूरी कॉलोनी में शोक का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक पल में पूरा परिवार आग की भेंट चढ़ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पड़ोसी परिवार को बचाने की कोई कोशिश नहीं कर पाए।








अन्य सम्बंधित खबरें