news-details

देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित: पेट्रोलियम मंत्रालय

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दोहराया है कि भारत में पेट्रोलियम और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है। मंत्रालय ने कहा कि सभी खुदरा ईंधन दुकानों पर पर्याप्त आपूर्ति है और देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी नहीं है। मंत्रालय ने नागरिकों से जानबूझकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं के सुनियोजित अभियान से गुमराह न होने का अनुरोध किया है।

भारत को आज दुनिया भर के 41 से अधिक आपूर्तिकर्ताओं से कच्चा तेल प्राप्त हो रहा है। मंत्रालय ने कहा कि प्रत्येक भारतीय रिफाइनरी 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता पर चल रही है। भारत के पास कुल 74 दिनों की आरक्षित क्षमता है और वर्तमान में वास्तविक स्टॉक लगभग 60 दिनों का है।

मंत्रालय ने यह भी कहा है कि देश भर में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। घरेलू रिफाइनरी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे एलपीजी का दैनिक उत्पादन 50 हजार मीट्रिक टन हो गया है, जो देश की आवश्यकता का 60 प्रतिशत से अधिक है। मंत्रालय ने बताया कि लगभग एक महीने की आपूर्ति की पूरी व्यवस्था हो चुकी है और अतिरिक्त खरीद को लगातार अंतिम रूप दिया जा रहा है।

तेल कंपनियां प्रतिदिन 5 लाख से अधिक सिलेंडर सफलतापूर्वक वितरित कर रही हैं। मंत्रालय ने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक मांग के कारण सिलेंडरों की मांग बढ़कर 89 लाख सिलेंडर तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर फिर से 50 लाख सिलेंडर रह गई है।

जमाखोरी और कालाबाजारी से बचने के लिए राज्य सरकारों से परामर्श करके वाणिज्यिक सिलेंडरों का आवंटन 50 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। मंत्रालय ने जानकारी दी कि घरेलू उत्पादन के अतिरिक्त, अमरीका, रूस, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों से 8 लाख मीट्रिक टन एलपीजी की सुनिश्चित खेप पहले ही प्राप्त कर ली गई है और भारत के 22 एलपीजी आयात टर्मिनलों पर पहुंचने के लिए रास्ते में है।


अन्य सम्बंधित खबरें