CG : चौकीदार ने टांगी से वारकर युवक को उतारा मौत के घाट, हैंडपंप चलाने कहने पर हुआ था विवाद
सरगुजा। जिले के पटोरा में हैंडपंप चलाने को कहने पर हुए विवाद के बाद फॉरेस्ट चौकीदार ने युवक के पैरों पर टांगी से हमला कर दिया। उसने कहा कि, तुम्हारे बाप का नौकर नहीं हूं। युवक को धौरपुर हॉस्पिटल से रेफर करने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार 29 मार्च को पटोरा निवासी राकेश घासी (20) अपने दो दोस्त रामसाय और संजय बड़ा के साथ बाइक से करेसर गांव गया था। शाम को वे लौट रहे थे। रास्ते में चौक के पास राकेश के प्यास लगी तो उसने हैंडपंप के पास बाइक रुकवाई।
हैंडपंप चलाने कहा तो भड़का चौकीदार
राकेश घासी ने पास में खड़े फॉरेस्ट के चौकीदार घूरसाय से हैंडपंप चलाने के लिए कहा। इस पर घूरसाय ने पलटकर कहा कि, वह उसके बाप का नौकर नहीं है। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद से आक्रोशित घूरसाय ने अपने पास रखे टांगी से राकेश घासी के दाएं पैर पर वार कर दिया। राकेश के घुटने के नीचे गंभीर चोटें आईं और खून निकलने लगा। दोस्तों ने उसे लुंड्रा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका शुरुआती इलाज किया गया।
इलाज के दौरान युवक की मौत
इसके बाद राकेश घासी को धौरपुर हॉस्पिटल भेज दिया गया। धौरपुर से राकेश घासी को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह राकेश घासी की मौत हो गई।
अधिक खून बहने से गई जान
डॉक्टर ने बताया कि अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल चौकी पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। केस डायरी लुंड्रा थाने को भेजी जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।