news-details

आज से बदल रहे हैं ये बड़े नियम, जानिए आपकी लाइफ में क्या पड़ेगा असर

डेस्क। 1 अप्रैल 2026 से हमारे रोजमर्रा के जीवन और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़ा बदलाव हो गया है। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही केंद्र सरकार, आरबीआई और रेलवे ने बैंकिंग, टैक्स और यात्रा से जुड़े इन नए प्रावधानों को लागू कर दिया है। इन बदलावों का सीधा असर आपकी मासिक बचत, खर्च करने के तरीके और डिजिटल सुरक्षा पर पड़ेगा। 


जहां एक ओर रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन के नियम में बदलाव किया है, वहीं हाईवे पर सफर करना और एटीएम से बार-बार पैसे निकालना अब महंगा साबित हो सकता है। इसके अलावा पैन कार्ड की सुरक्षा और इनकम टैक्स भरने की प्रक्रिया को भी पहले से अधिक ट्रांसपेरेंट और डिजिटल बनाया गया है। इसलिए आइए इन सभी बड़े बदलावों को विस्तार से और आसान भाषा में समझते हैं ताकि आप अपनी वित्तीय योजना को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकें और किसी भी तरह के जुर्माने या असुविधा से बच सकें।


1- रेलवे टिकट कैंसिलेशन और रिफंड का नया गणित


रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब कंफर्म टिकट को ट्रेन छूटने से कम से कम 8 घंटे पहले कैंसिल करने पर ही रिफंड मिल सकेगा। बता दें कि पहले यह समय सीमा 4 घंटे की थी। ये नियम 1 अप्रैल से लागू होंगे। रेलवे का मानना है कि इस नियम से अंतिम समय की अफरा-तफरी कम होगी और खाली सीटें अन्य जरूरतमंद यात्रियों को समय पर मिल सकेंगी।


2- बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा में बड़ी राहत


रेलवे के यात्रियों के लिए अच्छी खबर यह है कि अब बोर्डिंग पॉइंट बदलने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब आप ट्रेन छूटने के निर्धारित समय से मात्र 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन ऑनलाइन बदल सकेंगे। पहले यह सुविधा सिर्फ चार्ट तैयार होने तक ही मिलती थी। अब आखिरी समय में प्लान बदलने पर भी आपकी सीट सुरक्षित रहेगी और सफर पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक होगा।


3- FASTag हुआ महंगा और टोल पर कैश हुआ बंद


अगर आप हाईवे पर गाड़ी चलाते हैं, तो जान लें कि एनएचएआई (NHAI) ने फास्टटैग के सालाना पास की कीमत ₹3,000 से बढ़ाकर ₹3,075 कर दी है। इसके अलावा अब टोल प्लाजा पर कैश से भुगतान की सुविधा पूरी तरह खत्म कर दी गई है। अब आपको अनिवार्य रूप से फास्टटैग, यूपीआई या क्यूआर कोड के जरिए ही डिजिटल पेमेंट करना होगा। कैश की जिद करने पर अब भारी जुर्माना या दोगुनी फीस भरनी पड़ सकती है। ये नियम भी आज से ही लागू होंगे।


4- पैन कार्ड बनवाने के लिए चाहिए ज्यादा दस्तावेज

पैन कार्ड की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अब सिर्फ आधार कार्ड से काम नहीं चलेगा। नए नियम के तहत अब आवेदन के समय वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या 10वीं की मार्कशीट जैसे अतिरिक्त दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। एक और महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब आपके पैन कार्ड पर वही नाम प्रिंट होकर आएगा जो आपके आधार कार्ड में दर्ज है। इससे पहचान की चोरी और फर्जी पैन कार्ड बनवाने जैसी घटनाओं पर लगाम लगेगी।


5. ATM से UPI निकासी अब फ्री ट्रांजैक्शन में शामिल


अब अगर आप बिना कार्ड के एटीएम से यूपीआई (UPI) के जरिए पैसे निकालते हैं, तो सावधान हो जाएं। बैंक अब इन ट्रांजैक्शन को भी आपके महीने के 'फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन' की लिमिट में गिनेंगे। इसका मतलब है कि अगर आपकी फ्री लिमिट खत्म हो गई, तो यूपीआई से कैश निकालने पर भी आपको अतिरिक्त चार्ज देना होगा। यह नियम डिजिटल कैश निकासी को विनियमित करने के लिए लाया गया है ताकि बैंकिंग खर्चों को नियंत्रित किया जा सके।



6. डिजिटल पेमेंट के लिए 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन'

ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए आरबीआई ने अब हर डिजिटल पेमेंट के लिए सुरक्षा की दूसरी परत अनिवार्य कर दी है। अब हर ट्राजेक्शन पर 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' अनिवार्य होगा। यानी अब ओटीपी के साथ-साथ आपको पिन, बायोमेट्रिक या फेस आईडी का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। हालांकि यूपीआई में पिन और सिम बाइंडिंग के कारण यह सुरक्षा पहले से मौजूद है, लेकिन अब अन्य डिजिटल वॉलेट और पेमेंट गेटवे पर भी इसे सख्ती से लागू किया जाएगा ताकि आपका पैसा किसी भी स्थिति में सुरक्षित रहे।

7. इनकम टैक्स की नई व्यवस्था और आसान प्रक्रिया

आज से देश में नया इनकम टैक्स कानून प्रभावी हो गया है, जिसने पुराने जटिल सिस्टम की जगह ले ली है। अब 'फाइनेंशियल ईयर' और 'असेसमेंट ईयर' के भ्रम को खत्म कर सिर्फ एक 'टैक्स ईयर' रखा गया है। टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने ITR-3 और ITR-4 भरने की आखिरी तारीख को बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया है। इससे छोटे व्यापारियों और प्रोफेशनल्स को अपना टैक्स रिटर्न सही समय पर और बिना किसी दबाव के भरने का मौका मिलेगा।

8. क्रेडिट स्कोर अपडेट तेजी से होगा

Reserve Bank of India के नए नियम के अनुसार, अब बैंकों को हर हफ्ते लोन से जुड़ी जानकारी अपडेट करनी होगी. इससे आपका क्रेडिट स्कोर जल्दी अपडेट होगा.

9. सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर टैक्स नियम

अगर आपने गोल्ड बॉन्ड शेयर बाजार से खरीदे हैं, तो अब उस पर 12.5% टैक्स लगेगा. हालांकि, RBI से सीधे खरीदे गए बॉन्ड को मैच्योरिटी तक रखने पर टैक्स छूट मिलती रहेगी.

10. डिजिटल पेमेंट में बदलाव

इन सब से अलग अब डिजिटल पेमेंट में सुरक्षा बढ़ेगी और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा. पहले कई बार सिर्फ OTP डालकर पेमेंट पूरा हो जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. अब हर ट्रांजैक्शन के लिए दो तरह की पहचान जरूरी होगी. जैसे- OTP के साथ PIN, पासवर्ड या फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करना पड़ेगा. यानी अब पेमेंट में एक एक्स्ट्रा सुरक्षा लेयर जुड़ जाएगी.

यानी 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे. इसलिए इन नियमों को पहले से समझ लेना जरूरी है, ताकि आप अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग बेहतर तरीके से कर सकें.

11. घरेलू सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं

14.2 किलो घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में यह अभी भी 913 रुपये में ही उपलब्ध रहेगा. घरेलू दरों में आखिरी संशोधन सात मार्च को हुआ था, जब कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. भारतीय ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं. यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क, कच्चे तेल की कीमतों और रुपये के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखकर किया जाता है. विश्लेषकों का कहना है कि वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष (ईरान-इजराइल-यूएस तनाव) के कारण ग्लोबल एनर्जी सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे तेल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं.

12. कमर्शियल LPG महंगा, 19 किलो सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी

नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ आज से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है. पश्चिम एशिया में युद्ध और ग्लोबल ऑयल कीमतों में उछाल के कारण तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. दिल्ली में अब एक 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है. यह बढ़ोतरी पिछले महीने 1 मार्च को हुई ₹114.50 की बढ़ोतरी के बाद आई है. होटल, रेस्तरां, कैटरिंग और छोटे व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा.


अन्य सम्बंधित खबरें