CG : 18 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की ख़ुदकुशी, पति बोला - छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी
सरगुजा। जिले में 18 साल की नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने पहले पति को घर बुलाया, तबीयत खराब होने की बात कही, उसे गले लगाया और अचानक खुद को कमरे में बंद कर लिया। दरवाजा नहीं खोलने पर परिजन छप्पर तोड़कर अंदर गए। नवविवाहिता साड़ी के फंदे से लटकती हुई मिली।
जानकारी के मुताबिक पति की उम्र महज 19 साल है। दोनों की शादी ढाई महीने पहले ही हुई थी। पति ने बताया कि पत्नी छोटी-छोटी बात पर नाराज हो जाती थी। फिलहाल, मायके पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव की है।
बताया जा रहा है कि मुकेश गिरी (19) की शादी करीब ढाई महीने पहले उदयपुर ब्लॉक के ग्राम पूटा की पूजा गिरी (18) से हुई थी। सामाजिक रीति-रिवाज के साथ दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। रविवार शाम को पूजा ने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की बात कही। घर पहुंचने पर उसने सामान्य व्यवहार किया, लेकिन अचानक कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया। जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर पर चढ़कर तोड़ा और अंदर पहुंचे, जहां पूजा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस की पूछताछ में पति मुकेश गिरी ने बताया कि, वह शाम को डांस सीखने के लिए गया था। उसे पूजा ने तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी और दवा लेकर आने के लिए कहा। जब घर पहुंचा तो पूजा उल्टी कर रही थी। पूजा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल, मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।