उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन-पीएलआई योजना के उत्साहजनक परिणाम, नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन-पीएलआई योजना के उत्साहजनक परिणाम आए हैं। इसमें लगभग सात हजार करोड़ रुपये के प्रतिबद्ध निवेश के मुकाबले कुल निवेश नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह निवेश दर्शाता है कि कंपनियों ने अपने प्रारंभिक निवेश प्रतिबद्धताओं को पार कर लिया है।
नई दिल्ली में मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी प्रवीण ने कहा कि इस योजना ने उत्पादों की बिक्री और निर्यात में वृद्धि में भी योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि पीएलआई उत्पादों की बिक्री में साढ़े दस प्रतिशत से अधिक और निर्यात बिक्री में करीब साढ़े सात प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रवीण ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष लगभग 34 लाख मीट्रिक टन प्रसंस्करण और संरक्षण क्षमता जोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सहित 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार सृजित हुआ है। संयुक्त सचिव ने आगे बताया कि बाजरा आधारित उत्पादों की बिक्री भी 2022-23 में लगभग तीन सौ 45 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में लगभग एक हजार आठ सौ 45 करोड़ रुपये हो गई है।