news-details

जशपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 112 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन आघात’ के अंतर्गत पुलिस ने 112 किलो गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।

पत्थलगांव थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई

यह पूरा मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है।


ओडिशा से दिल्ली जा रही थी खेप

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।

भागने की कोशिश नाकाम, झाड़ियों से दबोचा गया आरोपी

कार्रवाई के दौरान एक तस्कर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर झाड़ियों से पकड़ लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

गांजा और वाहन जब्त, जांच जारी

पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से गांजा तथा तस्करी में इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।




अन्य सम्बंधित खबरें