दुर्ग में सुपरफास्ट ट्रेन के एसी कोच में शराब परोसने का मामला, अटेंडेंट गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ : के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर उस समय बड़ा खुलासा हुआ जब सुपरफास्ट हमसफर एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रियों को अवैध रूप से शराब परोसे जाने की शिकायत मिली। आरपीएफ की तत्परता से इस मामले का पर्दाफाश हुआ और एक अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रीमन दास के रूप में हुई है।
निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस में चल रहा था खेल
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22868, निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रियों को उनकी पसंद के आधार पर शराब परोसी जा रही थी।
आरपीएफ पोस्ट दुर्ग को जैसे ही सूचना मिली, तुरंत आबकारी विभाग को साथ लेकर संयुक्त टीम बनाई गई और कार्रवाई शुरू की गई।
दुर्ग स्टेशन पर दबिश, आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
जैसे ही ट्रेन दुर्ग स्टेशन पहुंची, संयुक्त टीम ने एसी कोच बी-7 में दबिश दी।
तलाशी के दौरान अटेंडेंट रीमन दास को मौके से पकड़ लिया गया।
उसके पास मौजूद बैग की जांच में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
बैग से मिली विदेशी शराब और बियर
जांच के दौरान जब्त सामग्री में शामिल है:
- 18 कैन बियर
- 1 बोतल वोडका
- 3 बोतल अंग्रेजी शराब
आरोपी के पास इन शराबों के कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
शराब परोसने की बात कबूल की
पूछताछ में आरोपी रीमन दास ने स्वीकार किया कि वह एसी कोच में यात्रियों को शराब उपलब्ध कराता था। इसके बाद आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी को 13 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था या फिर इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। आरपीएफ और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि ट्रेन के भीतर चल रहे इस अवैध कारोबार की पूरी सच्चाई सामने आ सके।