भीषण सड़क हादसा, मिनी हाइवा और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत
अभनपुर : क्षेत्र के गोबरा नवापारा थाना इलाके में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक की आमने सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरंगपुर टोल नाका के पास आधी रात हुआ भयानक टकराव
जानकारी के अनुसार, नवापारा अभनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बजरंगपुर टोल नाका के पास रात करीब 1:30 बजे यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक एक दूसरे से इतनी जोरदार तरीके से टकराए कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।टक्कर के बाद वाहनों में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और अंदर ही फंस गए, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई।
पुलिस और रेस्क्यू टीम की कड़ी मशक्कत, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हुई, तीन अलग अलग गांवों से थे संबंध
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भागवत राम साहू उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम पारागांव, सुमित यादव उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम नवागांव कुरूद धमतरी और दीपक पटेल उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कातलबोड़ कुरूद धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम
हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।