news-details

CG : मंडप लगाने के दौरान 6 साल के बच्चे के ऊपर गिरा खंभा, हुई मौत, पसरा मातम

अंबिकापुर। जिले के ग्राम खोखनिया गुरहिपारा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक 6 साल के स्कूली बच्चे की उस समय मौत हो गई, जब अचानक उसके ऊपर बिजली का खंभा गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को कारण बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मंडप के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखनिया में किसी पारिवारिक आयोजन के लिए मंडप तैयार किया जा रहा था। इस दौरान बिजली के खंभे के सहारे एक खुटा खड़ा किया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खंभा पहले से ही अस्थिर स्थिति में था, लेकिन इसके बावजूद उसे सहारे के रूप में इस्तेमाल किया गया। इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के लिए रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम तुषार ने दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
मृतक बच्चे के परिजनों ने इस हादसे के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि बिजली के खंभे को सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया था, जिसके कारण वह कमजोर स्थिति में था और मामूली दबाव पड़ते ही गिर गया। परिजनों का कहना है कि अगर खंभा मजबूती से खड़ा किया गया होता, तो यह हादसा नहीं होता और एक मासूम की जान नहीं जाती।


अन्य सम्बंधित खबरें