news-details

CG : डीवी प्रोजेक्ट वाहन से हादसा, युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार रोका

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मनेंद्रगढ़ के ग्राम परसगढ़ी में डीवी प्रोजेक्ट के वाहन से हुई भीषण दुर्घटना में ग्राम पंचायत बंजी निवासी राजभान सिंह की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सुबह करीब 7 बजे से ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा, मृतक के घर बंजी में मौजूद रहे और परिजनों के साथ खड़े होकर उनकी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी और बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन भी हरकत में आया।



लगातार बढ़ते जनआक्रोश और राजनीतिक दबाव के बाद करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। इसके बाद सौरव मिश्रा के नेतृत्व में कंपनी प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई।

इस दौरान पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, बीमा क्लेम की जल्द प्रक्रिया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। फिलहाल प्रशासन और कंपनी के आश्वासन के बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ग्रामीणों में अब भी आक्रोश बना हुआ है। कम्पनी के तरफ से मृतक के परिजनों को तीन लाख की मुआवजे के तौर में राशि दे दी गई है।


अन्य सम्बंधित खबरें