news-details

CG ब्रेकिंग : अवैध संबंध के विवाद में महिला ने की आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या, बेटी घायल, इलाके में दहशत

दुर्ग। जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आ रहा है, यहां दो लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है, आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर एक महिला ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में परिवार की एक बेटी बेटी तानिया गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य बेटी नैना ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरक्षक और आरोपी महिला के बीच कथित अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जिसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बाद आपसी रंजिश और विवाद के चलते महिला द्वारा घर में घुसकर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना स्मृति नगर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां इस जघन्य वारदात के बाद दहशत का माहौल है।

 

 
 

घटना के संबंध में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला ने घर में घुसकर महिला और बच्चों पर हमला किया है, जिसमें दो की मौत हो गई और एक बच्ची का इलाज जारी है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

फेसबुक में दोस्ती, फिर की शादी

घटना को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है। उसके अनुसार बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव और जांजगीर-चांपा में रहने वाली आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज के बीच फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी, जो जल्द ही प्यार में बदल गया। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने कथित तौर पर महिला से दूसरी शादी भी कर ली थी। अब पुलिस कथित दूसरी पत्नी के आरक्षक की पहली पत्नी और बच्चों पर हमले के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है।



अन्य सम्बंधित खबरें