news-details

CG : नहाने के दौरान नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बलरामपुर। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। भुताही नदी में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान कुमारी कोरवा (4), पिता शंकर कोरवा, निवासी ग्राम भुताही और अमरजीत कोरवा (5), पिता राम साइन कोरवा, निवासी ग्राम सबाग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे भुताही नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

 

ग्रामीणों ने निकाला, लेकिन नहीं बच सके

जब तक आसपास के लोगों को स्थिति का अंदाजा हुआ, तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर बच्चों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने किया पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद सौंपे शव

घटना की सूचना मिलते ही सामरी पाठ थाना प्रभारी बी.पी. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।


अन्य सम्बंधित खबरें