news-details

CG : पेड़ काटते समय करंट की चपेट में आने से ठेका कर्मी की मौत

खैरागढ़। जिले के टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के पास पेड़ कटाई के दौरान करंट लगने से विद्युत विभाग के ठेका कर्मी हेमंत साहू उम्र करीब 45 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक ग्राम पेंड्रीकला निवासी था और लंबे समय से विभाग में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह वह अन्य ठेका कर्मियों के साथ कार्य पर गया था। सुबह करीब 9 बजे पेड़ काटते समय अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

घटना के बाद विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर चर्चा में है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। वहीं प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा ने बताया कि संबंधित फीडर बंद था, लेकिन दूसरी लाइन के संपर्क में पेड़ की डाल आने से करंट प्रवाहित हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें