राजनांदगांव में शॉर्ट सर्किट से विद्युत पोल में लगी भीषण आग, इलाके में दहशत का माहौल
राजनांदगांव शहर के भारत माता चौक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हलवाई लाइन की ओर स्थित एक विद्युत पोल में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से पहले स्पार्किंग शुरू हुई और देखते ही देखते आग ने पूरे पोल को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद लगातार तेज स्पार्किंग होने लगी और पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक में होने के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों के लोगों ने तुरंत अपने टीवी, फ्रिज, एसी, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मिनी फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं विद्युत विभाग ने तत्काल नजदीकी ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई बंद की, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया जा सका।
आग इतनी भीषण थी कि पोल पर लगे कई तार जलकर टूट गए। इसके चलते इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। साथ ही टीवी केबल, इंटरनेट फाइबर और लैंडलाइन सेवाएं भी ठप हो गईं। आगजनी में पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के लिए लगाया गया सीसीटीवी कैमरा भी जलकर खराब हो गया।
वार्ड पार्षद जैनम बैद ने बताया कि पोल पर अलग-अलग केबलों का जाल फैला हुआ था। संभवतः इन्हीं केबलों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे पोल को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान एहतियातन भारत माता चौक से यातायात रोक दिया गया था। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात फिर से बहाल किया गया।