छत्तीसगढ़ में आज बारिश की संभावना; आकाशीय बिजली ने ली 2 दोस्तों की जान
मौसम विभाग ने 11 मई को प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा मन्नार की खाड़ी और उससे लगे श्रीलंका के ऊपर विस्तारित है।
इसके अलावा एक निम्नदाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले अड़तालीस घंटे में बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
इस बीच, राजनांदगांव जिले के सोनमी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई है। वहीं, एक अन्य युवक झुलस गया.मृतकों की पहचान सोमनी निवासी नीलकमल निषाद (18) और डोमेश बघेल (19) के रूप में हुई है. घायल युवक का नाम लोकेश बंजारे बताया गया. तीनों जलाशय किनारे बैठे थे. इसी दौरान आकाशीय बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.