बिना सूचना 40 एकड़ जमीन अधिग्रहण का आरोप, कलेक्टर कार्यालय पहुंचे किसान
नवागढ़ विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम नरी के किसानों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के करीब 20 किसानों की लगभग 40 एकड़ जमीन को जल संसाधन विभाग के नाम अधिग्रहित कर लिया गया है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
किसानों ने बताया कि वे वर्षों से उक्त जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। पूर्वजों के समय से खेती करने, धान बेचने, खाद लेने और कृषि ऋण की प्रक्रिया भी इसी जमीन के आधार पर होती रही है। बावजूद इसके अचानक ऑनलाइन भुइंया ऐप में उनके नाम हटाकर जमीन का रकबा कम कर दिया गया। किसानों का आरोप है कि इस कार्रवाई की उन्हें कोई जानकारी या नोटिस नहीं दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन रिकॉर्ड में हुए इस बदलाव से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने आशंका जताई कि जमीन कम होने से भविष्य में धान खरीदी, बैंक ऋण, खाद वितरण और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी जमीन का रिकॉर्ड तत्काल सुधारकर फिर से किसानों के नाम दर्ज किया जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।