news-details

बागबाहरा : ईको वाहन की टक्कर से दो की दर्दनाक मौत

बागबाहरा में एक तेज रफ्तार ईको वाहन ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सब्जी मंडी के पास हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 मार्च 2026 की है। ग्राम अवरई (बलौदाबाजार) निवासी गंगाराम यादव (75 वर्ष) और मोहन यादव मोटर सायकल (CG 04 PZ 2353) पर सवार होकर बागबाहरा की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच एनएच-353 स्थित सब्जी मंडी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको वाहन (CG 06 GS 3853) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहन यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गंगाराम यादव को बेहतर इलाज के लिए महानदी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कुछ समय बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई
थाना बागबाहरा के प्रधान आरक्षक रणबीर सिंह दीवान ने मामले की विस्तृत जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों और चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद यह पाया गया कि ईको वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर एक्सीडेंट किया था।

पुलिस ने मर्ग क्रमांक 21/2026 की जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मृतक गंगाराम यादव बलौदाबाजार जिले के कसडोल तहसील के रहने वाले थे।


अन्य सम्बंधित खबरें