कोमाखान : नशे में धुत बाइक सवार ने पिता-पुत्र को मारी जोरदार टक्कर, बुजुर्ग की हालत गंभीर
कोमाखान थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सिवनीकला-केरामुडा रोड पर एक लापरवाह बाइक चालक ने पिता-पुत्र की मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग पिता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शराब के नशे में गलत साइड से आई बाइक
शिकायतकर्ता देवचन्द चौहान के अनुसार, यह घटना 3 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे की है। वे अपने पिता भारत चौहान के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास सामने से आ रहे बाइक (CG 06 GX 7083) के चालक देवेन्द्र साहू ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक शराब के नशे में धुत था और गलत दिशा से आ रहा था।
बुजुर्ग को आई गंभीर चोटें, खून की हुईं उल्टियां
टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग भारत चौहान के सिर में गहरी चोट आई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं। घटना के तुरंत बाद डायल 112 की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च अस्पताल रेफर कर दिया, जिसके बाद उन्हें चंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।