पटेवा : शादी कार्ड बांटने जा रहे बुजुर्ग को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत
महासमुंद जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शादी का कार्ड बांटने निकले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की रायपुर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में इलाज के दौरान मौत हो गई। पटेवा पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ 11 मई को मामला दर्ज कर लिया है।
बजरंग बली मंदिर के पास हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पाली (थाना खल्लारी) निवासी विष्णु दीवान (65 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल (CG 06 GJ 7771) पर सवार होकर ग्राम तुरेंगा जा रहे थे। वह अपने किसी रिश्तेदार की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। इसी दौरान रायतुम मोड़ के पास स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप तुरेंगा की ओर से आ रही पिकअप (CG 07 CL 1853) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बुजुर्ग की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि घटना 28 जनवरी की है।
डॉक्टरों ने पीएम रिपोर्ट में हादसे को बताया मौत का कारण
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विष्णु दीवान के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन और मेडिकल कॉलेज रायपुर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट किया गया है कि बुजुर्ग की मृत्यु दुर्घटना में आई गंभीर चोटों की वजह से हुई है।
आरोपी पिकअप चालक पर बीएनएस के तहत केस दर्ज
थाना पटेवा में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने मामले की विस्तृत मर्ग जांच की। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पिकअप चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाना पाया गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।