news-details

खल्लारी : कंटेनर की टक्कर से कार सवार घायल

खल्लारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 353 पर ग्राम मामा भांचा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक कंटेनर और वेगनआर कार के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कंटेनर सड़क पर ही पलट गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महासमुंद की ओर से आ रहे कंटेनर ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, 9 मई को बागबाहरा निवासी चंदीप सिंग सलुजा अपने परिजनों के साथ कार (CG 06 GT 3196) में सवार होकर महासमुंद की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही वे मामा भांचा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे कंटेनर (OD 02 CX 3897) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को जोरदार ठोकर मार दी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

बच्चे सहित तीन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में कार चला रहे चंदीप सिंग सलुजा की जांघ और पसली में गंभीर चोट आई है। वहीं, कार में सवार पृथ्वी राजपूत के सिर पर चोट लगी है और मासूम बालक गुरजस सिंग सलुजा के चेहरे पर भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अकाल पुरख अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। गनीमत रही कि कार में सवार अन्य लोग सुरक्षित हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रार्थी सिमरनजीत सिंग सलुजा की रिपोर्ट पर पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और आगे की जांच शुरू कर दी है।


अन्य सम्बंधित खबरें