news-details

खल्लारी : लकड़ी चोरी की बात पर मजदूर पर कुल्हाड़ी की बैट से किया हमला

खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बैहाडीह में एक मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। खेत के पास रखी जलाऊ लकड़ी ले जाने का विरोध करने पर एक ग्रामीण ने मजदूर को कुल्हाड़ी के बैट से पीट दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लकड़ी पूछने पर भड़का आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नारायण चक्रधारी ने अपनी जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करके खेत के पास रखी थी। आरोप है कि गांव के ही लिकेश साहू ने उस लकड़ी को अपने ट्रैक्टर में भरकर अपने घर ले गया। जब 11 मई की सुबह करीब 9:30 बजे दुर्गा चौक के पास नारायण ने लिकेश से लकड़ी ले जाने का कारण पूछा, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

कुल्हाड़ी के बैट से हमला, जान से मारने की धमकी
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी लिकेश साहू ने नारायण के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने टंगिया के बैट से मजदूर पर हमला किया, जिससे उसके बाएं भौंह और दाहिने हाथ की कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान आरोपी ने नारायण को जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद रूपसिंह बरिहा और अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

पीड़ित नारायण चक्रधारी, जो रोजी-मजदूरी का काम करता है, ने खल्लारी थाने पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं के तहत कार्यवाही शुरू कर दी है।


अन्य सम्बंधित खबरें