तेन्दूकोना : सोलर पावर प्लांट में फेंसिंग काटकर घुसे चोर, 60 हजार के तांबे के तार और उपकरण पार
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम साल्हेभांठा स्थित 'विपुल विद्युत प्राइवेट लिमिटेड' के सोलर पावर प्लांट में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने प्लांट की सुरक्षा घेरे (फेंसिंग) को काटकर भीतर प्रवेश किया और लगभग 60,000 रुपये कीमत के डीसी वायर, कनेक्टर और पाइप चोरी कर लिए। तेन्दूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
उत्पादन कम होने पर खुला चोरी का राज
प्लांट के साइड इंचार्ज महेश कुमार तारम ने बताया कि चोरी की यह घटना 12 नवंबर की रात से 14 नवंबर के बीच हुई। 13 नवंबर की शाम जब बिजली उत्पादन में अचानक गिरावट दर्ज की गई, तो शुरुआत में इसे मौसम या तकनीकी खराबी माना गया। लेकिन जब 14 नवंबर की शाम को पी.वी. वार्ड का मुआयना किया गया, तो वहां सोलर सिस्टम की वायरिंग कटी हुई और क्षतिग्रस्त पाई गई।
हैरानी की बात यह है कि 14 नवंबर की रात को जब प्लांट में दो सुरक्षा गार्डों के अलावा तीन अन्य लोगों को तैनात किया गया था, तब भी चोरों ने दूसरे ब्लॉक में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने प्लांट के पीछे की बाउंड्री में लगे फेंसिंग तार को काटकर अंदर प्रवेश किया था। पुलिस को दी गई शिकायत में साइड इंचार्ज ने बताया कि तांबे के डीसी वायर के साथ-साथ भारी मात्रा में MC4 कनेक्टर और कंडयूट पाइप चोरी किए गए हैं।
इन सामानों की हुई चोरी:
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए सामानों की सूची इस प्रकार है:
- डीसी वायर (6 sq mm): 3562 मीटर
- MC4 कनेक्टर (M-f): 225 पेयर
- MC4 कनेक्टर लग: 225 पेयर
- कंडयूट पाइप (50 mm): 100 मीटर (क्षतिग्रस्त)