कोयला परिवहन ने तोड़ी ग्रामीणों की राह, SECL के भारी वाहनों से क्षतिग्रस्त हुआ सुखदेवपुर पुल, ग्रामीणों में आक्रोश
प्रतापपुर क्षेत्र में खराब सड़कों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच जगरनाथपुर स्थित SECL परियोजना से कोयला परिवहन कर रहे भारी वाहनों की वजह से ग्राम सुखदेवपुर का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल की हालत खराब होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से क्षमता से अधिक वजन लेकर कोयला लोड ट्रक इस मार्ग से गुजर रहे हैं। लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण पहले सड़कें जर्जर हुईं और अब पुल भी टूटने की स्थिति में पहुंच गया है।
पुल क्षतिग्रस्त होने से गांव के लोगों को रोजमर्रा के कामकाज, बच्चों के स्कूल आने-जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को सड़क व पुल की खराब स्थिति की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि SECL द्वारा करोड़ों रुपए का कोयला परिवहन किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द पुल की मरम्मत और भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण की मांग की है।
- 14-05-2026
राज्यपाल डेका ने अपने काफिले से कम किए वाहन
- 14-05-2026
वैदिक पञ्चाङ्ग एवम् राशिफल : 14 मई 2026