CG : कांग्रेस का महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट पर केंद्र सरकार को जमकर घेरा
कांग्रेस ने दुर्ग में केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट को लेकर जोरदार हमला बोला। राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला प्रभारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे सहित दुर्ग जिले के तीनों जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से देश और प्रदेश की जनता पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से जूझ रही है, लेकिन केंद्र सरकार राहत देने के बजाय लोगों को कम उपयोग की सलाह दे रही है। प्रमोद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों को उर्वरक कम इस्तेमाल करने, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने, महिलाओं को गैस और खाद्य तेल की खपत घटाने तथा लोगों को सोना और विदेश यात्रा से बचने की सलाह दे रहे हैं, जो आम जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
कांग्रेस ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की जरूरत है, लेकिन समितियों तक पर्याप्त खाद नहीं पहुंच पा रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है और किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है। वर्क फ्रॉम होम की सलाह पर भी कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि मजदूर, छोटे व्यापारी और फेरी लगाने वाले लोग घर बैठकर रोजगार नहीं चला सकते। वहीं पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स लगाकर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप भी लगाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सरगुजा समेत कई इलाकों में पेट्रोल-डीजल की कमी के कारण लोग लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं, जबकि कमर्शियल गैस की कमी से उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही सरकार को भंडारण बढ़ाने की चेतावनी दे चुके थे, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।