CG : बेटे ने की अपनी दिव्यांग मां की हत्या, इलाके में फैली सनसनी, इस बात से था नाराज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में एक दिव्यांग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सरस्वती पटेल (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मृतका के बेटे अश्वनी पटेल को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि शनिवार देर रात मां-बेटे के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी दौरान अश्वनी पटेल ने घर में रखे डंडे से अपनी मां के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना मृतका के भतीजे मनीष पटेल ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी अश्वनी पटेल ने हत्या करना कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि मां द्वारा खाना नहीं बनाने की बात से वह नाराज था, जिसके बाद उसने हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन पठारे ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना पुलगांव और चौकी जेवरा सिरसा पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।