भानुप्रतापपुर में टी.एस. सिंहदेव के दौरे के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और गुटबाजी पर चर्चाएं तेज
छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीसए सिंहदेव के भानुप्रतापपुर आगमन ने रविवार को स्थानीय राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया। कांग्रेस संगठन की ओर से अलग-अलग स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन इस पूरे दौरे के दौरान पार्टी की अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी की चर्चाएं सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहीं।
नगर के मुख्य चौक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि कुछ दूरी पर एसबीआई बैंक के सामने युवा कांग्रेस ने प्रदेश सचिव पंकज राज वाधवानी और विधानसभा अध्यक्ष आकाश यदु के नेतृत्व में अलग से जोरदार स्वागत किया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ढोल-नगाड़े और नारेबाजी के बीच कार्यक्रमों ने राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान मंच से नामों के उल्लेख और कार्यकर्ताओं को अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने को लेकर असंतोष की चर्चाएं भी सामने आईं। कई कार्यकर्ताओं ने इस पर नाराजगी जताई कि कुछ पदाधिकारियों के नाम मंच से नहीं लिए गए।
इसी बीच राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि पार्टी के भीतर चल रही यह अंदरूनी खींचतान वरिष्ठ नेताओं की नजर से भी छिपी नहीं रही। अपने संबोधन में टी.एस. सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश देते हुए कहा कि पार्टी में गुटबाजी कई बार चुनावी हार का कारण बनती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर काम करने की अपील की। दौरे के बाद क्षेत्र में कांग्रेस की आंतरिक राजनीति और गुटबाजी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।