महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भड़की महिला कांग्रेस, संगीता सिन्हा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। बालोद पहुंची संगीता सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के शोषण, अनाचार, अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
संगीता सिन्हा ने कहा कि कवर्धा जिले में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई, वहीं खैरागढ़ जिले में भाजपा के सभापति पर महिला अधिकारी के शोषण का मामला भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक तरफ महिला आरक्षण और महिला सुरक्षा की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री के गृह जिले में इस तरह की घटनाएं होना बेहद गंभीर विषय है। संगीता सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि घटना के कुछ समय पहले ही राज्यपाल का दौरा भी वहां हुआ था, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
पीसीसी महिला अध्यक्ष ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंतन करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।