नए नगर पंचायत पलारी में चुनावी रण तेज, भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत
बालोद जिले के नवगठित नगर पंचायत पलारी में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है और अब चुनाव प्रचार तेज हो चुका है। सोमवार को दोनों दलों के प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन रैली निकालकर अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता लखन लाल गुरु पंच को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने युवा चेहरे यानेश साहू पर भरोसा जताया है। दोनों दलों की नामांकन रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भाजपा की रैली में छत्तीसगढ़ सरकार के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद भोजराज नाग, पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से पीसीसी महिला अध्यक्ष एवं विधायक संगीता सिन्हा समेत स्थानीय नेताओं ने मोर्चा संभाला।
गौरतलब है कि नवगठित नगर पंचायत पलारी में कुल 15 वार्ड हैं। इस नगर पंचायत के गठन के बाद अब बालोद जिले में नगर पंचायतों की संख्या बढ़कर 7 हो जाएगी। वर्तमान में जिले की 5 नगर पंचायतों में भाजपा का कब्जा है, जबकि एक नगर पंचायत में निर्दलीय प्रतिनिधि काबिज है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को अपनी ताकत बता रही है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सरकार के कार्यों पर जनता का भरोसा जताते हुए भाजपा की जीत सुनिश्चित होने का दावा किया। दूसरी ओर कांग्रेस धान खरीदी और चना खरीदी में किसानों को हुई परेशानियों को बड़ा मुद्दा बनाकर जनता के बीच पहुंच रही है।
फिलहाल दोनों ही दलों के अध्यक्ष प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं। ऐसे में पलारी नगर पंचायत चुनाव अब दिलचस्प मुकाबले की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।