news-details

CG : बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जनआंदोलन, व्यापारियों और ग्राहकों से की चर्चा

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता पर पड़ रहे असर को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और ग्राहकों से चर्चा की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के गुड़ाखू लाइन सहित विभिन्न बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य सामग्रियों के बढ़े दामों की जानकारी ली। इस दौरान व्यापारियों ने बताया कि बीते तीन से चार दिनों में ही एक टिन तेल की कीमत में करीब 40 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे व्यापार और ग्राहकों दोनों पर असर पड़ रहा है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ चार दिवसीय जनआंदोलन चलाया जा रहा है। आंदोलन के दूसरे दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजारों में जाकर महंगाई के मुद्दे पर लोगों से संवाद किया और केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध जताया। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से देश की जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की लागत बढ़ गई है, जबकि मुनाफा कम हो रहा है। वहीं आम लोगों की क्रय क्षमता लगातार घटती जा रही है, जिससे मध्यमवर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता में इसके खिलाफ नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ी हुई महंगाई दरों को वापस लेने की मांग की।



अन्य सम्बंधित खबरें