देश का सबसे विकसित जनजातीय संभाग बनेगा बस्तर - गृह मंत्री शाह
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगले पांच वर्षो में छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग देश का सबसे विकसित जनजातीय संभाग बन जाएगा। बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में मीडिया से बातचीत में शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक बस्तर के लोगों की औसत आमदनी में छह गुना वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के बाद केन्द्र और राज्य सरकार ने मिलकर अगले पांच सालों के लिए इसके विकास से संबंधित एक वैज्ञानिक प्रारूप तैयार किया है।
इसके तहत बस्तर संभाग में स्थापित सुरक्षा बलों के करीब दो सौ शिविरों में से सत्तर शिविरों को शहीद वीर गुण्डाधूर सेवा डेरा में बदला जाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा, जिसमें बैंकिंग, कौशल प्रशिक्षण, स्कूल, आंगनबाड़ी और वनोपज प्रसंस्करण शामिल हैं। श्री शाह ने बस्तर के हर जनजातीय परिवार को एक-एक गाय-भैंस देने की घोषणा की है और अगले छह माह के दौरान यहां सहकारी डेयरी का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड के साथ समझौता किया है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बस्तर के लोगों को सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके समग्र विकास के प्रयास के साथ युवाओं और महिलाओं का सशक्तिकरण किया जाएगा। साथ ही जनजातीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन होगा। शाह ने कहा कि हिंसा किसी भी बात का समाधान नहीं है और हिंसा से किसी का विकास नहीं हो सकता है।
इससे पहले, केंद्रीय गृहमंत्री ने आज जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ ही केंद्रीय गृह सचिव, खुफिया ब्यूरो के निदेशक और इन चारों राज्यों के पुलिस महानिदेशक तथा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।