news-details

पेट्रोल पंप पर लोगों को कम मिलता था पेट्रोल, जानें रोज कितना होता था घोटाला...


राजस्थान के सवाईमोधापुर जिले में उपभोक्ताओं को सही माप-तौल सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पेट्रोल पंपों के खिलाफ व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गठित विभागीय जांच दलों ने जिले के 11 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल और डीजल की कम आपूर्ति की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए एक पेट्रोल पंप के नोजल सीज किए गए। विधिक माप विज्ञान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया तथा विभागीय कार्रवाई के तहत 4 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। 

जांच में पाया गया कि एक पेट्रोल पंप पर एक नोजल से प्रति 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति में लगभग 30 मिलीलीटर की कमी की जा रही थी। विभाग के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 1000 लीटर पेट्रोल की बिक्री के आधार पर यह कमी करीब 6 लीटर प्रतिदिन और मासिक स्तर पर लगभग 180 लीटर तक पहुंच रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये आंकी गई है। 

उपभोक्ता मामले विभाग ने कहा है कि आगामी दिनों में भी पेट्रोल पंपों की नियमित जांच जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें