केशकाल में प्रदेश स्तरीय तेलीन सती महोत्सव और मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन, सामाजिक एकता और संस्कृति की दिखी झलक
कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित सुरडोंगर में आयोजित प्रदेश स्तरीय तेलीन सती महोत्सव एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में सामाजिक एकता, परंपरा और संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां मांदरी नृत्य और पारंपरिक लोक संस्कृति के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, भोजराज नाग, महेश कश्यप सहित साहू समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख मौजूद रहे। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह भी संपन्न कराया गया, जिसमें नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की गई।
सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने साहू समाज की मेहनत, ईमानदारी और कर्मठता की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहू समाज हमेशा सेवा, सामाजिक समरसता और विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदेश की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक वेशभूषा, लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मांदरी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में समाजजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।