इबोला वायरस का बढ़ रहा प्रकोप, वैश्विक स्वास्थ्य आपात घोषित
अफ्रीकी महाद्वीप के कांगो और युगांडा जैसे देशों में इबोला महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि भारत में अब तक इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने एहतियातन देशभर में निगरानी और स्वास्थ्य तैयारियों को और मजबूत कर दिया है।
इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्क्रीनिंग व्यवस्था, क्वारंटीन प्रोटोकॉल, रोगी प्रबंधन और लैब जांच से जुड़े सभी मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।