छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित कई राज्यों में चलेगी भीषण लू, चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले पांच दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी लू की चेतावनी जारी की है।
तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान व्यक्त किया है। गंगा से सटे पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईक्काल में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान लगाया है।
इस बीच, विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिमी बंगाल और सिक्किम में कल मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। अगले दो दिनों तक झारखंड, कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और रायलसीमा में भी भारी बारिश का अनुमान है।
जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईक्काल और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में अगले तीन दिनों तक आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।