CG : लाखों के गांजे के साथ 5 गिरफ्तार, शरीर पर बने टैटू से किसी गैंग से जुड़े होने की आशंका
गरियाबंद जिले के सीमावर्ती देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 75 लाख रुपए कीमत का डेढ़ क्विंटल गांजा और दो स्विफ्ट कार जब्त की गई हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी ओडिशा के कालाहांडी और नवरंगपुर जिले के तस्करों से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने अपनी एमपी पासिंग गाड़ियों में छत्तीसगढ़ का नंबर प्लेट लगा रखा था, लेकिन सीमा पार करते ही पुलिस की नजर में आ गए। देवभोग पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों कारों को पकड़ लिया। आरोपी हाईवे छोड़कर छोटे रास्तों का उपयोग कर रहे थे, फिर भी पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग - अलग मामले दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है, जबकि अन्य चार आरोपियों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के गले और हाथों में बने टैटू से किसी गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।