भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू, प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत - अरुण साव
खैरागढ़ : भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का शुभारंभ शनिवार को गोलबाजार स्थित बाफना भवन में हुआ। उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, विक्रांत सिंह, अजय राव, डॉ. बिशेसर साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के साथ हुई। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रशिक्षित एवं जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान उसकी विचारधारा, अनुशासन और सक्रिय कार्यकर्ताओं से होती है।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भाजपा सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। प्रशिक्षण महाअभियान में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसंपर्क को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।