CG : दो सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत, ट्रैक्टर में घुसी बाइ... - CG Sandesh

CG : दो सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत, ट्रैक्टर में घुसी बाइक, यहां कार ने ग्रामीणों को कुचला

बलरामपुर/सरगुजा। सरगुजा संभाग में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बलरामपुर और सरगुजा जिले में हुए इन हादसों के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पहली घटना बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरपान के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक सवार मजदूरों की बाइक ईंट से लदे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार चारों युवकों की मौत हो गई। मृतक आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं और सभी एक ही परिवार से थे। जानकारी के अनुसार वे मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे तथा राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र समुदाय से संबंधित थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने वाहन रोकने के बजाय घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीट दिया। इसके बाद वह घायलों को सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन अलग कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद न तो तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई और न ही घायलों को समय पर इलाज मिल सका। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक चारों ने दम तोड़ दिया था। परिजनों का कहना है कि समय पर उपचार मिलता तो उनकी जान बच सकती थी।

वहीं दूसरी घटना सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर जजगा के पास हुई। यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक मेहमानी कार्यक्रम में शामिल होने जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे अपने गांव लौट रहे थे। तभी बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान जय सिंह (50) और रामकुमार (60), निवासी महुआटिकरा के रूप में हुई है।

दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।


अन्य सम्बंधित खबरें