पीएम आवास योजना के नाम पर राशि मांगने का ऑडियो वायरल, शिक्षक... - CG Sandesh

पीएम आवास योजना के नाम पर राशि मांगने का ऑडियो वायरल, शिक्षक को नोटिस जारी’

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत पचरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से राशि मांगने संबंधी वायरल ऑडियो मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संज्ञान लिया है। मामले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ के व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में संबंधित वायरल ऑडियो को श्री दिवाकर ने स्वयं का होना स्वीकार किया है। जांच के दौरान हितग्राहियों एवं अन्य व्यक्तियों के बयान में पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर राशि मांगने की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई।

प्रकरण में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासकीय सेवक रहते हुए पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप करना अनुचित एवं पदीय दायित्वों के प्रति अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उक्त कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-03 के विपरीत माना गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है तथा उन्हें पत्र प्राप्ति के दो दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें