पीएम आवास योजना में बड़ा घोटाला! शासकीय जमीन पर अवैध आवास बनाने की तैयारी, पटवारी सस्पेंड
सक्ती। जिले के बाराद्वार नगर पंचायत में पीएम आवास योजना को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और पटवारी की मिलीभगत से शासकीय गोचर भूमि पर अवैध तरीके से पीएम आवास बनाने की तैयारी की जा रही थी। इतना ही नहीं, सरकारी जमीन के नक्शे में छेड़छाड़ कर उसे बदलने का भी आरोप लगाया गया है। इस पूरे मामले का खुलासा नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय ने किया है। उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के साथ कलेक्टर से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की। शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पटवारी को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय का आरोप है कि सत्ताधारी दल के कुछ पार्षद पटवारी के साथ मिलकर करीब 700 परिवारों से पीएम आवास दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं। फर्जी दस्तावेज तैयार कर गरीब परिवारों को सरकारी जमीन पर मकान देने का झांसा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम आवास योजना को कुछ लोगों ने कमाई का जरिया बना लिया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवार ठगी का शिकार हो रहे हैं। वहीं, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि शिकायत की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।